कटनी: सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार के लिए 15 मई तक आवेदन आमंत्रित
कटनी : "सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन" (आत्मा) योजना के तहत वर्ष 2025-26 की गतिविधियों के आधार पर जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार हेतु कृषकों से 15 मई तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह पुरस्कार कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन और उद्यानिकी जैसे क्षेत्रों में नवाचार करने वाले किसानों को दिया जाएगा।
परियोजना संचालक "आत्मा" ने बताया कि किसानों को उनकी तकनीक, उपज और उत्पादकता के आधार पर मूल्यांकन समिति की अनुशंसा पर पुरस्कृत किया जाएगा। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एक-एक कृषक को 25 हजार रुपये पुरस्कार राशि दी जाएगी, जबकि विकासखण्ड स्तर पर प्रत्येक विकासखण्ड से चयनित कृषक को 10 हजार रुपये पुरस्कार राशि मिलेगी।
इच्छुक किसान अपने क्षेत्र के वरिष्ठ कृषि विकास विस्तार अधिकारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (ग्रामसेवक), बी.टी.एम. या ए.टी.एम. से संपर्क कर आवेदन प्राप्त कर कार्यालयीन समय में जमा कर सकते हैं। उद्यानिकी, पशुपालन, मछली पालन और कृषि अभियांत्रिकी से जुड़े कृषक संबंधित विभागों के अधिकारियों के पास भी आवेदन कर सकते हैं।