केसला रोड में पेयजल संकट गहरायावार्ड क्रमांक 10 और 16 में एक हफ्ते से नल में नहीं आया पानी, नगर पंचायत के खिलाफ लोगों में आक्रोश
केसला रोड में पेयजल संकट गहराया
वार्ड क्रमांक 10 और 16 में एक हफ्ते से नल में नहीं आया पानी, नगर पंचायत के खिलाफ लोगों में आक्रोश
सीतापुर नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 10 और 16 अंतर्गत केसला रोड में पिछले एक सप्ताह से नलों में पानी नहीं आने से स्थानीय रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहराने से लोगों में नगर पंचायत प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि समस्या को लेकर नगर पंचायत के कर्मचारियों और जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार फोन के माध्यम से सूचना दी गई, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद कर्मचारी ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे आम नागरिक खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।
रहवासियों के अनुसार पानी की समस्या के कारण दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है। लोगों को दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाना पड़ रहा है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि नगर पंचायत में भ्रष्टाचार चुस्त और कर्मचारी सुस्त की स्थिति बन गई है। नागरिकों का कहना है कि मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी लगातार बढ़ती जा रही है, जबकि जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन देने तक सीमित हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पेयजल व्यवस्था बहाल करने तथा लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। यदि समस्या का समाधान शीघ्र नहीं हुआ तो नागरिक आंदोलन करने की चेतावनी भी दे रहे हैं।