logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

गौवंश के शव कचरे में फेंकने पर बवाल : अधजली हालत में मिले मृत मवेशी, गौसेवकों में भारी आक्रोश, CMO ने कहा- दोषियों पर होगी कार्रवाई

छत्तीसगढ़ के मुंगेली नगर पालिका पर गंभीर और बड़ा आरोप लगा है। नगर में मृत गायों को सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार करने के बजाय कचरा डंपिंग स्थल पर फेंक दिए जाने का आरोप लगा है। जानकारी के मुताबिक करीब एक दर्जन मृत गायों को उस स्थान पर डाल दिया गया, जहां नगर का कचरा डंप किया जाता है। कचरे में आग लगने के कारण कई गायों के शव अधजली अवस्था में पाए गए, जिन्हें पक्षियों द्वारा नोचते देखा गया। इस वीभत्स दृश्य को देखकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है, वहीं गौसेवकों और गौप्रेमियों में भी जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है।

गौसेवकों ने नगर पालिका प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप
गौसेवा से जुड़े लोगों ने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मृत गायों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार किया जाना चाहिए था। उनका कहना है कि पहले नगर पालिका द्वारा मृत मवेशियों को गड्ढा खोदकर मिट्टी में दफनाया जाता था, लेकिन इस बार नियम और संवेदनाओं दोनों की अनदेखी की गई है। गौसेवकों ने मांग की है कि नगर में कहीं भी किसी गाय की मृत्यु होने पर वैज्ञानिक और सम्मानजनक तरीके से अंतिम संस्कार सुनिश्चित किया जाए।

मामले को लेकर लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं न केवल नगर पालिका की प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करती हैं, बल्कि धार्मिक और सामाजिक भावनाओं को भी आहत करती हैं।

जांच कर दोषियों पर की जाएगी कार्रवाई CMO
इधर मुख्य नगर पालिका अधिकारी अंकुर पांडेय ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेज दिया गया था। उन्होंने आश्वासन दिया कि मृत गायों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया जाएगा और इसके लिए आदेश भी जारी किए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की बात कही।

CMO अंकुर पांडेय ने यह आशंका भी जताई कि कहीं यह घटना नगर पालिका को बदनाम करने की साजिश के तहत जानबूझकर तो नहीं की गई। उन्होंने कहा कि इस पहलू को ध्यान में रखते हुए भी जांच की जाएगी। फिलहाल यह मामला नगर में चर्चा और आक्रोश का बड़ा विषय बना हुआ है।

16
737 views

Comment