ग्वालियर जिले को सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर प्रदेश स्तर सम्मान
ग्वालियर : सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर ग्वालियर जिले को लक्ष्य से अधिक अंशदान राशि एकत्रित करने पर प्रदेश स्तर पर सम्मानित किया गया। यह सम्मान भोपाल के राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल द्वारा टीम ग्वालियर को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर दिया गया। कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान की ओर से यह सम्मान जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल नरेन्द्र सिंह तोमर (सेवानिवृत्त) ने प्राप्त किया।
कर्नल नरेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि 7 मई को कलेक्ट्रेट पहुंचकर उन्होंने कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह भेंट किया। उन्होंने बताया कि 7 दिसंबर 2024 को आयोजित सशस्त्र सेना झंडा दिवस के लिए निर्धारित 12 लाख 74 हजार 100 रुपए के लक्ष्य से अधिक 13 लाख 23 हजार 520 रुपए की राशि ग्वालियर जिले में संग्रहित की गई। कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान ने इस उपलब्धि पर जिले के सभी अधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और सक्रिय सहयोग की अपील की।