आगजनी एवं तूफान पीड़ित परिवारों से मिले रेड क्रॉस प्रदेश अध्यक्ष डॉ. श्याम कुमरे, प्रशासन से की राहत सहायता की मांग
आगजनी एवं तूफान पीड़ित परिवारों से मिले रेड क्रॉस प्रदेश अध्यक्ष डॉ. श्याम कुमरे, प्रशासन से की राहत सहायता की मांगभारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी मध्यप्रदेश
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. श्याम कुमरे ने बैतूल जिले के ग्राम बर्रा ढाना में पहुंचकर आगजनी की घटना से प्रभावित परिवारों का हालचाल जाना। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा घटना में हुए नुकसान की जानकारी ली। आग से प्रभावित परिवारों ने बताया कि घटना में उनके घरों में रखा आवश्यक घरेलू सामान, कपड़े एवं दैनिक उपयोग की सामग्री जलकर नष्ट हो गई, जिससे उनके सामने जीवनयापन का संकट उत्पन्न हो गया है।
डॉ. श्याम कुमरे जी ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन देते हुए कहा कि मानव सेवा एवं आपदा की घड़ी में पीड़ितों के साथ खड़ा होना रेड क्रॉस का दायित्व है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर राहत एवं पुनर्वास की दिशा में शीघ्र कार्यवाही करने की बात कही।
इसके पश्चात उन्होंने बैतूल स्थित शमशेर सिंह भोसले नगर सोनघाटी पारधी बस्ती का भी दौरा किया, जहां हाल ही में आए तेज तूफान एवं आंधी से बस्ती के अनेक आशियानों को भारी क्षति पहुंची थी। तिरपाल एवं अस्थायी सामग्री से बने कई घर तूफान में क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे अनेक परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं।
बस्तीवासियों ने प्रदेश अध्यक्ष को अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए बताया कि प्राकृतिक आपदा के बाद उन्हें रहने, भोजन एवं दैनिक आवश्यकताओं को लेकर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान डॉ. श्याम कमरे जी ने प्रभावित परिवारों से आत्मीय चर्चा कर उनकी स्थिति का जायजा लिया तथा मौके पर उपस्थित लोगों को धैर्य बनाए रखने का संदेश दिया।
उन्होंने बैतूल कलेक्टर एवं प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर प्रभावित परिवारों के लिए राहत सामग्री, अस्थायी आवास व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना ही सच्ची मानव सेवा है और रेड क्रॉस सोसाइटी निरंतर सेवा कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर स्वस्ति लोकसेवा समिति से उत्तम राव गायकवाड़, अचित पाठक, प्रतीक गलफट एवं अन्य समाजसेवी सदस्य उपस्थित थे ।