logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

माननीय मुख्यमंत्री श्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू जी ने एचपीएमसी को सेब खरीद के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

शिमला, 07 मई 2026
रिपोर्ट : देवेश आर्य, मण्डी हिमाचल प्रदेश

माननीय मुख्यमंत्री श्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू जी ने बुधवार सायंकाल हिमाचल प्रदेश बागवानी उत्पाद विपणन एवं प्रसंस्करण निगम (एचपीएमसी) की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए निगम को आगामी सीजन के लिए मंडी मध्यस्थता योजना (एमआईएस) के तहत सेब खरीद की तैयारियों के लिए समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सेब उत्पादकों, विशेषकर छोटे एवं सीमांत किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा निगम को किसानों तक उनके उत्पादों का अधिकतम लाभ पहुंचाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

माननीय मुख्यमंत्री श्री सुक्खू जी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले सीजन में सेब खरीद शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं तथा प्रदेश के बागवानों की सुविधा के लिए खरीद केंद्रों की अग्रिम सूचना जारी की जाए।

उन्होंने कहा कि एचपीएमसी ने वर्ष 2025 में एमआईएस के तहत रिकॉर्ड 98,540 मीट्रिक टन सेब की खरीद सुनिश्चित की थी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष एचपीएमसी ने अकेले ही एमआईएस के तहत सेब खरीद की जिम्मेदारी निभाई, जबकि इससे पहले हिमफेड भी इस प्रक्रिया में शामिल रहता था। राज्य सरकार ने पिछले वर्ष से यह दायित्व केवल एचपीएमसी को सौंपा है और भविष्य में भी यही व्यवस्था जारी रहेगी।

माननीय मुख्यमंत्री श्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू जी ने बागवानों की सुविधा के लिए एचपीएमसी की कार्यप्रणाली के पूर्ण डिजिटलीकरण पर भी विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि अगले खरीद सीजन से पूरी खरीद प्रक्रिया एवं डेटा का डिजिटलीकरण किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित होगी और बागवानों को सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सेब उत्पादकों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए कार्य कर रही है। सरकार ने यूनिवर्सल कार्टन प्रणाली लागू करने सहित अनेक बागवान हितैषी कदम उठाए हैं, जिनसे बागवानों को उनकी मेहनत का बेहतर मूल्य मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने एमआईएस के तहत बागवानों के बकाया भुगतान को चुकाने के लिए अब तक की सबसे बड़ी राशि जारी की है।

बैठक में बागवानी मंत्री श्री जगत सिंह नेगी जी, प्रधान सचिव श्री देवेश कुमार जी, सचिव बागवानी श्री सी. पॉलरासु जी, मुख्यमंत्री के सचिव श्री राकेश कंवर जी, विशेष सचिव श्री डी.सी. राणा जी, निदेशक डिजिटल टेक्नोलॉजी एंड गवर्नेंस डॉ. निपुण जिंदल जी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

0
1632 views

Comment