logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

रीठी गेहूं खरीदी केंद्र में मचा हंगामा किसान को फटकारने पर भड़के अन्नदाता, कटनी-दमोह मार्ग पर

रीठी गेहूं खरीदी केंद्र में मचा हंगामा किसान को फटकारने पर भड़के अन्नदाता, कटनी-दमोह मार्ग पर चक्का जाम
कटनी जिले के रीठी गेहूं खरीदी केंद्र में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक किसान के गेहूं की तुलाई रोककर उसे दोबारा साफ कराने के निर्देश दिए गए। मौके पर पहुंची तहसीलदार द्वारा किसान को फटकार लगाए जाने से नाराज़ किसानों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कटनी-दमोह मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। करीब देर तक यातायात प्रभावित रहा, बाद में प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ।
जिले में इन दिनों समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य जारी है। इसी क्रम में रीठी खरीदी केंद्र में एक किसान का गेहूं अमानक बताते हुए खरीदी करने से मना कर दिया गया। किसानों का आरोप है कि संबंधित किसान से गेहूं को दोबारा साफ और छनवाने के लिए कहा गया।
किसानों ने बताया कि दोबारा साफ कराने के बाद भी गेहूं में महज 0.5 प्रतिशत ही कचरा निकला, बावजूद इसके खरीदी में देरी की जा रही थी। इसी दौरान निरीक्षण करने पहुंची तहसीलदार द्वारा किसान को फटकार लगाए जाने से वहां मौजूद किसान भड़क गए और विरोध शुरू हो गया।
गुस्साए किसानों ने रीठी के खेर माई के पास कटनी-दमोह मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। सड़क पर ट्रैक्टर और वाहन खड़े कर किसानों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चक्का जाम के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर मामले को शांत कराने की कोशिश की। काफी समझाइश और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद किसानों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात फिर से सुचारु हो सका।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच की बात कह रहा है, लेकिन किसानों में खरीदी व्यवस्था को लेकर नाराज़गी साफ दिखाई दे रही है। अब देखना होगा कि किसानों की समस्याओं का समाधान प्रशासन कितनी जल्दी कर पाता है।

4
1387 views

Comment