केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ झामुमो का धरना, महंगाई पर जताया विरोधपाकुड़:केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों के कारण बढ़ती महंगाई के विरोध में आज पाक
केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ झामुमो का धरना, महंगाई पर जताया विरोध
पाकुड़:
केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों के कारण बढ़ती महंगाई के विरोध में आज पाकुड़ जिले के गोकुलपुर स्थित पेट्रोल पंप के समीप झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ताओं ने एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने किया।
धरना से पूर्व कार्यकर्ता धनुसपूजा स्थित जिला कार्यालय से पैदल मार्च करते हुए गोकुलपुर पेट्रोल पंप पहुंचे। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली ने किया।
अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग की जिंदगी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर पूंजीपति और अमीर वर्ग लाभान्वित हो रहा है, वहीं आम जनता के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। झामुमो हमेशा गरीबों के हक की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि बढ़ाए गए ईंधन और गैस के दामों को तत्काल कम किया जाए, अन्यथा आंदोलन और तेज किया जाएगा।वहीं जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली और केंद्रीय समिति सदस्य सह सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव ने कहा कि महंगाई ने आम आदमी, छोटे दुकानदारों और होटल व्यवसायियों का जीवन कठिन बना दिया है। उन्होंने मूल्य वृद्धि को वापस लेने की मांग की।
जिला सचिव माइकल मुर्मू और केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी ने भी केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार आम जनता की समस्याओं से दूर हो चुकी है और महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल रही है।
इस मौके पर पार्टी के कई पदाधिकारी और सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।