पीएमश्री स्कूल ने फिर लहराया परचम, इंटरमीडिएट रिजल्ट में विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन
पीएमश्री स्कूल ने फिर लहराया परचम, इंटरमीडिएट रिजल्ट में विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन
मोहम्मदगंज। प्रखंड मुख्यालय स्थित पीएमश्री स्तरोन्नत प्लस टू उच्च विद्यालय ने इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में एक बार फिर शानदार उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। विज्ञान, कला और वाणिज्य तीनों संकायों में विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए सफलता का नया अध्याय लिखा है। परिणाम जारी होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल बन गया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि विज्ञान संकाय में कुल 320 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें 290 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जबकि 26 छात्र द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए। केवल एक विद्यार्थी अनुत्तीर्ण रहा तथा दो छात्र अनुपस्थित रहे। विज्ञान संकाय में अंकित कुमार शर्मा ने 449 अंक प्राप्त कर विद्यालय टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। वहीं अंकेश कुमार ने 441 और अतिश कुमार ने 438 अंक लाकर टॉप थ्री में स्थान बनाया।
कला संकाय में भी विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। कुल 100 परीक्षार्थियों में 35 ने प्रथम श्रेणी और 64 ने द्वितीय श्रेणी हासिल की। इस संकाय में पिंटू कुमार ने 384 अंक लाकर पहला स्थान प्राप्त किया। अभ्यास कुमार 363 अंक के साथ दूसरे तथा वंदनी कुमारी 361 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
वाणिज्य संकाय से परीक्षा में शामिल एकमात्र छात्र अभिषेक कुमार ने 428 अंक प्राप्त कर प्रथम श्रेणी से सफलता हासिल की और विद्यालय का नाम रोशन किया।
प्रधानाध्यापक राकेश कुमार सिंह ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने का आह्वान किया।