तेज रफ्तार पिकअप ने स्कूली वैन को जोरदार टक्कर मारी जिससे वैन के परखच्चे उड़ गए।
सूरतगंज (बाराबंकी)। क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने स्कूली वैन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में चालक सहित कई स्कूली बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। वही घायल बच्चों को आनन फानन में नजदीकी सीएचसी सूरतगंज पहुंचाया जहां पर उपचार कर डाक्टर ने सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरु कृपा पब्लिक स्कूल की वैन गुरुवार सुबह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। जैसे ही वैन बकैडा मोड़ के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के दौरान बच्चों की चीख-पुकार सुन आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूरतगंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे में घायल होने वालों में वैन चालक तिलक राम पुत्र विशाल (28 वर्ष) के अलावा स्कूली बच्चे शशांक पुत्र सतीश कुमार निवासी सुल्तानापुर, कक्षा दो, उम्र 7 वर्ष, अविका वर्मा पुत्री सुशील कुमार, उम्र 5 वर्ष, पुष्पेंद्र पुत्र सतीश कुमार, कक्षा 6, उम्र 15 वर्ष तथा सुधांशु पुत्र सत्यवान, कक्षा दो, उम्र 7 वर्ष शामिल हैं। सीएचसी सूरतगंज में ड्यूटी पर तैनात डॉ. रिजवान ने बताया कि चालक समेत कुल पांच घायल अस्पताल लाए गए थे, जिनका प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि पिकअप वाहन और उसके चालक को कब्जे में ले लिया गया है तथा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।