NGO की बड़ी लापरवाही! मध्यान भोजन में साँप मिलने से बच्चों की हालत बिगड़ी
महिषी प्रखंड के बलुआहा मिडिल स्कूल में मध्यान भोजन को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। बताया जा रहा है कि बच्चों को परोसे गए भोजन में तेलिया साँप पाए जाने के कारण सैकड़ों बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आनन-फानन में सभी बच्चों को इलाज हेतु सदर अस्पताल, सहरसा भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई बच्चों की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है, जिससे अभिभावकों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इस घटना के लिए मध्यान भोजन संचालित करने वाली NGO की घोर लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला परिषद प्रत्याशी अबूबकर उर्फ पप्पू मौके पर पहुंचे और पीड़ित बच्चों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने प्रशासन से दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई करने तथा बच्चों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर मासूम बच्चों की जिंदगी के साथ इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई?
क्या जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होगी या मामला सिर्फ जांच तक सीमित रह जाएगा?