आदित्यपुर की जायसवाल स्टील कंपनी में दर्दनाक हादसा20 फीट ऊंचाई से गिरकर दो मजदूरों की मौत, दो गंभीर घायलझारखंड के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित कृष
झारखंड के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित कृष्णापुर-बोनसडीह की जायसवाल स्टील कंपनी में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। कंपनी के पुराने शेड की मरम्मत के दौरान करीब 20 फीट ऊंचाई पर काम कर रहे मजदूर अचानक नीचे गिर पड़े। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान लखी राम टुडू और रामू मुर्मू के रूप में हुई है। वहीं घायल मजदूर ठाकुर बेसरा और रंजीत जेना का गंगोत्री अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शेड पर मरम्मत कार्य के दौरान जर्जर लोहे का एंगल अचानक टूट गया, जिससे ऊपर काम कर रहे मजदूर सीधे नीचे गिर पड़े। नीचे काम कर रहे दो अन्य मजदूर भी उनकी चपेट में आकर घायल हो गए। हादसे के बाद कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं कंपनी प्रबंधन और मृतकों के परिजनों के बीच मुआवजे को लेकर वार्ता हुई, जिसमें मृतक मजदूरों के परिवारों को 8-8 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी। साथ ही अंतिम संस्कार के लिए तत्काल 50-50 हजार रुपये दिए गए।
इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।