मिर्जापुर नगर पालिका परिषद बुन्देलखण्डी वार्ड नं. 36 उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी नितिन केशरवानी की जीत, 11 वोट से दर्ज की जीत
मिर्जापुर के बुन्देलखण्डी वार्ड नं. 36 के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी नितिन केशरवानी ने बेहद कांटे की टक्कर में 11 मतों से जीत हासिल की। इस रोमांचक मुकाबले में नितिन केशरवानी को कुल 709 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी रवि टण्डन को 698 वोट मिले और वे दूसरे स्थान पर रहे।वहीं समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी नागेंद्र तिवारी 636 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। अन्य प्रत्याशी दाऊ दयाल को 216 वोट मिले, जबकि 5 मतदाताओं ने NOTA का विकल्प चुना।
यह चुनाव परिणाम बेहद करीबी रहा और आखिरी तक मुकाबला दिलचस्प बना रहा। 11 वोटों के मामूली अंतर से मिली जीत ने चुनाव को और भी खास बना दिया। जीत के बाद नितिन केशरवानी ने वार्ड की जनता का आभार जताते हुए कहा कि यह जीत जनता के विश्वास की जीत है। उन्होंने अपनी जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों एवं भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा की जीत बताया। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पिता, जो वार्ड नं. 36 के सभासद थे, उनके निधन के बाद यह सीट रिक्त हुई थी। पार्टी ने उन पर भरोसा जताया और जनता ने भी उन्हें समर्थन देकर विजयी बनाया। नितिन ने भरोसा दिलाया कि वे वार्ड के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।