मध्यप्रदेश मंत्रि-परिषद की बैठक में 38,555 करोड़ की वित्तीय स्वीकृतियां
मध्यप्रदेश : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में सम्पन्न हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में प्रदेश के सर्वांगीण विकास और जन-कल्याण के लिए विभिन्न विभागों को 38,555 करोड़ रुपये की महत्वपूर्ण वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की गईं। इस बैठक में प्रदेश के व्यापारियों के कल्याण के लिए राज्य व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन का भी ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। यह निर्णय प्रदेश के बुनियादी ढांचे, कृषि आत्मनिर्भरता और सामाजिक सुरक्षा को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से लिए गए हैं।
मंत्रि-परिषद ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत आंगनवाड़ी केन्द्रों और समेकित बाल संरक्षण मिशन वात्सल्य के लिए कुल 2,412 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी। इसमें 1500 नवीन आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए 1800 करोड़ रुपये की राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक के लिए निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त समेकित बाल संरक्षण मिशन वात्सल्य के संचालन के लिए 606 करोड़ 68 लाख रुपये और स्वच्छता एक्शन प्लान के लिए 5 करोड़ रुपये की स्वीकृतियां भी दी गईं। यह योजना किशोर न्याय अधिनियम 2015 एवं संबंधित नियमों के तहत विधि विवादित और संरक्षण के जरूरतमंद बालकों को पोषण, शिक्षा, आश्रय एवं संरक्षण प्रदान कर पारिवारिक पुनर्वास सुनिश्चित करती है।