डाकघरों में 8 और 9 मई को आधार अपडेट कराने चलेगा विशेष अभियान
डाकघरों में 8 और 9 मई को आधार अपडेट कराने चलेगा विशेष अभियान
7 मई को दिया जाएगा टोकन
कटनी जबलपुर संभाग के अंतर्गत कटनी जिले के डाकघरों में स्थित आधार केंद्रों पर नवीन आधार पंजीयन और सुधार कार्य हेतु 8 एवं 9 मई को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत नागरिक आधार कार्ड में सुधार, बायोमेट्रिक अपडेट, मोबाइल नंबर एवं ईमेल लिंक कराने जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
मिलेंगे टोकन
अभियान को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए विभाग द्वारा टोकन व्यवस्था लागू की गई है। नवीन पंजीयन एवं सुधार कार्य के लिए 7 मई को टोकन वितरित किए जाएंगे। आधार अपडेट कराने वाले नागरिकों को पहले टोकन प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
कार्य का समय और केंद्र
नागरिकों की सुविधा के लिए आधार केंद्रों के समय में भी विस्तार किया गया है। प्रधान डाकघर में आधार सेंटर सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक संचालित होंगे, जबकि उपडाकघर एवं अन्य केंद्रों पर सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक कार्य किया जाएगा।
जबलपुर संभाग के अंतर्गत कुल 2 प्रधान डाकघर एवं 36 उपडाकघरों में यह अभियान चलाया जाएगा। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 0761-2678121 पर संपर्क किया जा सकता है।
कटनी जिले के इन केंद्रों पर मिलेगी सुविधा
कटनी प्रधान डाकघर, माधवनगर, कटनी सीमेंट फैक्ट्री, बरही, बाकल, कैमोर, निवार, रीठी, सरोली मझगवां, सिहोरा एमडीजी, स्लीमनाबाद, उमरियापान एवं विजयराघवगढ़ डाकघरों में यह सुविधा उपलब्ध रहेगी।
प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी डाकघर केंद्र पर पहुंचकर इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं और अपना आधार डेटा अपडेट रखें।