बंद मकान का ताला तोड़ लाखों की चोरी, जेवरात व नकदी लेकर फरार हुए चोर
इनसेप्शन डेली न्यूज़/ID News
ब्यूरो चीफ: संदीप शास्त्री
लखनऊ। राजधानी के थाना पीजीआई क्षेत्र स्थित वृन्दावन योजना सेक्टर-11 में बेखौफ चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय परिवार उत्तराखंड गया हुआ था। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था। सूचना मिलने पर पीजीआई पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से उत्तराखंड निवासी सुयश पाण्डेय पुत्र संतोष कुमार पाण्डेय का मकान वृन्दावन योजना सेक्टर-11 बी में स्थित है। पीड़ित ने बताया कि वह प्रतियोगी परीक्षा देने के लिए 3 अप्रैल 2026 को अपने पैतृक आवास उत्तराखंड गए थे। इस दौरान घर में ताला बंद था और कोई मौजूद नहीं था।
सुयश पाण्डेय के मुताबिक, 5 मई 2026 को वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और अंदर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। अज्ञात चोर घर में रखे एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी टॉप्स समेत अन्य जेवरात और करीब 40 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। थाना पीजीआई के एसएसआई अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच की जा रही है।