एक घर में अब सिर्फ एक LPG कनेक्शन! सरकार ला सकती है नया सख्त नियम
केंद्र सरकार जल्द ही One Household, One Connection नीति लागू कर सकती है। इस नए नियम के तहत एक घर या एक पते पर केवल एक ही एलपीजी (LPG) गैस कनेक्शन रखने की अनुमति होगी। सरकार का कहना है कि इसका मकसद गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकना, फर्जी कनेक्शन खत्म करना और सब्सिडी में हो रही गड़बड़ी पर लगाम लगाना है।
तेल कंपनियां अब डेटा के जरिए उन पतों की पहचान कर रही हैं जहां एक से ज्यादा गैस कनेक्शन मौजूद हैं। ऐसे मामलों में उपभोक्ताओं को दोबारा ई-केवाईसी (e-KYC) और पते का सत्यापन कराना पड़ सकता है।
सरकार के मुताबिक, जिन परिवारों के एक ही पते पर कई गैस कनेक्शन हैं, उन्हें आपसी सहमति से तय करना होगा कि कनेक्शन किस सदस्य के नाम रखा जाएगा। बाकी अतिरिक्त कनेक्शन स्वेच्छा से सरेंडर करने होंगे।
हालांकि, किरायेदारों और मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में रहने वाले अलग-अलग परिवारों को कुछ राहत दी जा सकती है। यदि अलग मंजिलों पर अलग रसोई (Kitchen) और अलग परिवार रहते हैं, तो उचित दस्तावेज जैसे रेंट एग्रीमेंट और लोकल एड्रेस प्रूफ दिखाकर उनका कनेक्शन जारी रह सकता है।
सरकार ने चेतावनी दी है कि यदि कोई उपभोक्ता अतिरिक्त कनेक्शन खुद से सरेंडर नहीं करता और जांच में पकड़ा जाता है, तो गैस कंपनियां बिना नोटिस के गैस सप्लाई बंद कर सकती हैं और सब्सिडी भी रोकी जा सकती है।
तेल कंपनियों ने सभी उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द अपनी e-KYC अपडेट कराने और नए नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि भविष्य में किसी भी असुविधा से बचा जा सके।