मेवात : सद्दाम द्वारा 300 करोड़ की बड़ी ठगी का मामला सामने
मेवात : चन्देनी गांव के सद्दाम नामक युवक ने लगभग 300 करोड़ रुपए की ठगी का आरोप लगाया गया है। सद्दाम ने एक स्कीम के तहत लोगों से निवेश लिया जिसमें 1 लाख रुपए पर 20 प्रतिशत मासिक रिटर्न देने का वादा किया गया। इस स्कीम में 8 से 10 लोग शामिल थे, जिनमें सद्दाम के चाचा और अन्य गांव के लोग भी थे। एक साल के अंदर यह योजना तेजी से फैल गई और लोग अपनी जमापूंजी, गहने, जमीन और उधार लेकर भी इस योजना में पैसा लगाने लगे।
प्रशासन को इस मामले की शुरुआत में कोई जानकारी नहीं थी क्योंकि लेन-देन नकद था और कोई रिकॉर्ड मौजूद नहीं था। बाद में पुलिस ने सद्दाम और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया लेकिन ठोस सबूत न मिलने के कारण तीन महीने बाद जमानत मिल गई। सद्दाम जेल से लौटने के बाद लगातार लोगों को पैसा लौटाने का आश्वासन दे रहा है लेकिन पिछले दो महीनों से किसी को पैसा वापस नहीं मिला। इस ठगी से अनेक परिवारों को आर्थिक और सामाजिक नुकसान हुआ है, जिनमें रिश्तों में तलाक जैसे गंभीर परिणाम भी सामने आए हैं।