डोंगांव में गुटखा-तंबाकू की बिक्री पर प्रतिबंध की मांग
प्रतिनिधि/सद्दाम खान:
डोंगांव (जिला बुलढाना) में गुटखा और तंबाकू उत्पादों की खुलेआम बढ़ती बिक्री को लेकर स्थानीय नागरिकों में गहरी चिंता देखी जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुकानदार अधिक मुनाफे के लालच में इन उत्पादों को बिना रोक-टोक बेच रहे हैं, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। अभिभावकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इसे गंभीर समस्या बताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
नागरिकों ने डोंगांव पुलिस प्रशासन से तंबाकू और गुटखा जैसी जानलेवा वस्तुओं की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने का आग्रह किया है। उन्होंने स्कूलों के आसपास विशेष निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी तंबाकू के सेवन को कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियों का कारण बताया है और बच्चों व युवाओं को इससे दूर रखने की आवश्यकता पर जोर दिया है।