पंचकूला: लाखों के जेवर और नकदी चोरी का आरोपी गिरफ्तार
पंचकूला: थाना चण्डीमन्दिर क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया है। 25 अप्रैल को गांव अलीपुर निवासी रणजीत सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति उनके घर में घुसकर अलमारी से सोने-चांदी के जेवर और करीब 20 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गया। इस मामले में थाना चण्डीमन्दिर ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम ने इन्चार्ज मुकेश सैनी की अगुवाई में तकनीकी जांच और गहन पूछताछ के बाद 3 मई को आरोपी रामशरण उर्फ सन्नी निवासी अलीपुर इंडस्ट्रियल एरिया, पंचकूला को गिरफ्तार किया। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी को 4 मई को कोर्ट में पेश कर 2 दिन का रिमांड लिया गया और आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।