पंचकूला: साइबर फ्रॉड में यूपी से पांचवां आरोपी गिरफ्तार
पंचकूला: साइबर क्राइम टीम ने बुजुर्ग महिला से 2.98 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के पांचवें आरोपी इजहार अहमद को यूपी के प्रतापगढ़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी को 5 मई को कोर्ट में पेश कर 8 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है ताकि अन्य आरोपियों तक पहुंच बनाई जा सके। इस मामले में पहले से चार आरोपी गिरफ्तार हैं जिनमें नितिन सिंघल, अजय, राम और रमन कुमार शामिल हैं। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर भूप सिंह कर रहे हैं।
शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि 4 दिसंबर को एक कॉल आई जिसमें आरोपियों ने खुद को टेलीकॉम कंपनी, सीनियर अधिकारी और सीबीआई अधिकारी बताया। आरोपियों ने महिला को हाउस अरेस्ट का डर दिखाकर उसकी बैंक जानकारी ली और वीडियो कॉल पर नकली कोर्ट रूम में पेश कर 2.98 करोड़ रुपये ट्रांसफर करवा लिए। महिला ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। डीसीपी अमरिंदर सिंह ने कहा कि यह सुनियोजित ठगी है जिसमें फर्जी समन, कोर्ट रूम और पुलिस अधिकारी बनकर धोखा दिया गया। उन्होंने आमजन से सतर्क रहने और संदिग्ध कॉल की सूचना देने की अपील की।