लखीमपुर खीरी : पुलिस मुठभेड़ में दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
संवाददाता :आकाश सिंह (AIMA) लखीमपुर खीरी।लखीमपुर खीरी के कोतवाली सदर क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म जैसी गंभीर वारदात को अंजाम देने वाले अभियुक्त को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान रामजीवन कुमार पुत्र राम दयाल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की, जहां आरोपी ने भागने का प्रयास किया। इसी दौरान हुई मुठभेड़ में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस संवेदनशील मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके और समाज में अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश जाए।