बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित ट्रक ने दंपत्ति को कुचला, मौके पर ही मौत।
गढ़पुरा (बेगूसराय): बेगूसराय-बखरी मुख्य मार्ग पर गढ़पुरा थानाक्षेत्र के मुशेपुर पेट्रोल पंप के पास बुधवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहाँ एक अनियंत्रित ट्रक ने स्कूटी सवार दंपत्ति को रौंद दिया, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान समस्तीपुर जिले के हसनपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत आतापुर गांव निवासी संजेश कुमार और उनकी पत्नी निशा कुमारी के रूप में हुई है।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दंपत्ति अपनी स्कूटी से बेगूसराय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मुशेपुर पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। हादसे को अंजाम देने के बाद चालक सड़क किनारे ही ट्रक छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने ट्रक को किया जब्त
सूचना मिलते ही गढ़पुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से लावारिस हालत में मिले ट्रक को जब्त कर लिया है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि ट्रक के नंबर के आधार पर मालिक और फरार चालक की शिनाख्त की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इधर, हादसे की खबर जैसे ही आतापुर गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के घर पर परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों की चीख-पुकार से पूरा गांव मर्माहत है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के आश्रितों के लिए उचित मुआवजे और फरार चालक की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है।#RoadAccident
#BreakingNews