भाकियू (भानु) तहसील अध्यक्ष का इस्तीफा, संगठन की कार्यप्रणाली पर तीखा प्रहार अन्य संगठनों ने दिया आमंत्रण
पीलीभीत बीसलपुर।भारतीय किसान यूनियन (भानु) के बीसलपुर तहसील अध्यक्ष ने अपने पद से इस्तीफा देकर संगठन की कार्यप्रणाली पर तीखा निशाना साधा है। जिलाध्यक्ष को भेजे गए त्यागपत्र में उन्होंने संगठन के भीतर बढ़ती अनियमितताओं, पद की गरिमा में गिरावट और कुछ लोगों के बढ़ते प्रभाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।तहसील अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि संगठन में अनुशासन और पारदर्शिता लगातार कमजोर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि कई मामलों की जानकारी उच्च पदाधिकारियों को होने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ता जा रहा है। उनके अनुसार, वर्तमान हालात के चलते बीसलपुर क्षेत्र में संगठन की स्थिति भी कमजोर होती दिख रही है।अपने त्यागपत्र में उन्होंने जिलाध्यक्ष से आग्रह किया है कि उनके इस्तीफे को स्वीकार करते हुए जल्द ही नए तहसील अध्यक्ष की नियुक्ति की जाए, ताकि संगठन की गतिविधियां सुचारू रूप से चल सकें।इस इस्तीफे के बाद बीसलपुर क्षेत्र में संगठन की आंतरिक स्थिति और भविष्य की रणनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय स्तर पर इसे संगठन के लिए एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।वहीं, जैसे ही उनके इस्तीफे की जानकारी अन्य किसान संगठनों को मिली, उन्होंने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए पूर्व तहसील अध्यक्ष को अपने संगठन में शामिल होने का आमंत्रण दे दिया। सूत्रों के अनुसार, उनकी साफ-सुथरी छवि और सक्रिय कार्यशैली को देखते हुए उन्हें बेहतर पद देने की भी पेशकश की गई है। जल्द ही पूर्व तहसील अध्यक्ष अपने तमाम सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ नए किसान संगठन में पद ग्रहण कर सकते है।