जनगणना कार्य हेतु स्मार्ट मोबाइल उपलब्ध कराने की मांग
सेखाला (जोधपुर)
राजस्थान शिक्षक एवं पंचायतीराज कर्मचारी संघ के सेखाला ब्लॉक अध्यक्ष सज्जन सिंह गोगादेव केतु ने जनगणना प्रभारी एवं प्रशासन से जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स को स्मार्ट मोबाइल उपलब्ध कराने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि जनगणना एवं मकान गणना के लिए उपयोग में ली जा रही ऐप केवल उन स्मार्टफोनों में ही संचालित हो रही है, जिनमें सॉफ्टवेयर का 21 या उससे अधिक वर्जन उपलब्ध है। जबकि वर्तमान में अधिकांश कर्मचारियों के पास 14 से 16 वर्जन तक के मोबाइल ही हैं, जिनमें उक्त ऐप डाउनलोड नहीं हो पा रही है।
इस स्थिति में कर्मचारियों को केवल जनगणना कार्य के लिए ही 25 से 30 हजार रुपये तक खर्च कर नए मोबाइल खरीदने पड़ेंगे, जो कि आर्थिक रूप से उचित नहीं है।
अतः उन्होंने सरकार से मांग की है कि जनगणना कार्य में लगे सभी कर्मचारियों को आवश्यक वर्जन वाले स्मार्ट मोबाइल उपलब्ध कराए जाएं, ताकि कार्य सुचारू रूप से सम्पन्न हो सके।