बिग ब्रेकिंग टाटानगर स्टेशन मालगाड़ी पर चढ़ा युवक हाई टेंशन तार की चपेट में आया, हालत गंभीर
जमशेदपुर:जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर खड़ी मालगाड़ी पर चढ़ने के दौरान एक युवक हाई टेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना सुबह करीब 11 बजकर 7 मिनट की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अचानक प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर खड़ी मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया। इसी दौरान ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज ओवरहेड तार के संपर्क में आते ही तेज धमाके के साथ वह बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस, आरपीएफ और रेलवे कर्मी मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
वहीं, घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक स्टेशन पर कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में मालगाड़ी पर चढ़ा।
सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि घायल युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल युवक की पहचान करने और उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना ने रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और जागरूकता को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।