युवा संसद में शाहजहांपुर के प्रतिभागियों ने रखे दमदार विचार
शाहजहांपुर/लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा में आयोजित विकसित भारत युवा संसद 2026 कार्यक्रम में शाहजहांपुर के युवाओं ने अपने विचारों से प्रभाव छोड़ा। भारत सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित प्रतिभागियों ने विकसित भारत 2047 के विजन पर मंथन किया।
जनपद शाहजहांपुर से ऐनुल हुदा अंसारी, स्वर्णिमा गुप्ता, विनीत कुमार, कोमल पांडे और ललित हरि मिश्रा ने प्रतिभाग किया। सभी ने शिक्षा, रोजगार, सामाजिक समानता और नवाचार जैसे अहम विषयों पर अपने विचार रखते हुए विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया।
ऐनुल हुदा अंसारी ने कहा कि युवा संसद जैसे मंच युवाओं के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम से उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने, टीमवर्क और सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने का अवसर मिला।
प्रतिभागियों ने युवाओं से आह्वान किया कि वे ऐसे मंचों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उनका कहना था कि युवा ही देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं।