म्यांमार में प्रशिक्षित उल्फा-आई उग्रवादी शिवसागर से गिरफ्तार, ग्रेनेड और पिस्तौल बरामद
असम में उग्रवादी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिवसागर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देर रात गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने म्यांमार में प्रशिक्षित प्रतिबंधित संगठन उल्फा (स्वतंत्र) के एक सक्रिय उग्रवादी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार उग्रवादी की पहचान बीरेन चेतिया उर्फ रोंटू असम के रूप में हुई है। उसे शिवसागर जिले के डेमोव पलेंगी क्षेत्र से पकड़ा गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार यह अभियान शिवसागर की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पापोरी चेतिया के नेतृत्व में चलाया गया। खुफिया सूचनाओं के आधार पर सुरक्षा बलों ने संदिग्ध ठिकाने पर छापेमारी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से आठ हैंड ग्रेनेड और एक 9 एमएम पिस्तौल बरामद की गई। बरामद हथियारों के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तार उग्रवादी ने म्यांमार में प्रशिक्षण प्राप्त किया था और वह लंबे समय से संगठन के भूमिगत नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। प्रारंभिक जांच में उसके ऊपरी असम में सक्रिय हथियार आपूर्ति नेटवर्क तथा अन्य उग्रवादी संपर्कों से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही हैं ताकि संगठन के अन्य सदस्यों, संभावित ठिकानों तथा हथियारों की सप्लाई चेन के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है।