सिंगरौली बैंक डकैती में उड़ीसा-बिहार जेलों में दबिश
सिंगरौली: बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई डकैती के मामले में पुलिस ने उड़ीसा की कुचिंदा उप जेल और बिहार की बेऊर जेल में दबिश दी है। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों चन्दन उर्फ चईया यादव और गुलशन निवासी खीरूबिगहा से पूछताछ में पता चला कि फंटूस ने डेढ़ लाख रुपये नगद और अन्य सामग्री कुचिंदा जेल में बंद पीयूष जायसवाल तक पहुंचाई। इसके बाद पुलिस ने कुचिंदा जेल में छापेमारी कर पीयूष के बिस्तर से 25,896 रुपये नकद, एक छोटा मोबाइल फोन और दस्तावेज बरामद किए।
साथ ही गिरोह के सरगना सुबोध सिंह से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए बेऊर जेल में भी दबिश दी गई, जहां से महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अंतरराज्यीय नेटवर्क की पुष्टि हुई है और डकैती की साजिश जेल से संचालित हो रही है। जांच जारी है और जल्द ही और खुलासे होने की संभावना है।