सेनपश्चिम पारा: रेलवे ट्रैक पार करते समय युवक की ट्रेन से मौत
सेनपश्चिम पारा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह बिनगवां गांव के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय रितेश यादव (21) की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। रितेश बिनगवां निवासी किसान सियाराम के पुत्र थे और खेतों में जाने के लिए रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। उनकी सुनने की क्षमता कम थी और हादसे के समय वह कान में सुनने की मशीन लगाए हुए थे।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि घटना सुनाई न देने के कारण हुई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।