पंचकूला पुलिस ने नोनी राणा गैंग के दो शूटरों को गिरफ्तार किया
पंचकूला: पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायल हुए नोनी राणा गैंग के दो सक्रिय शूटर मुकेश उर्फ काका और राहुल उर्फ सोनू बांगरू को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद गिरफ्तार कर 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को गुप्त सूचना के बाद नाकाबंदी कर आरोपियों को सेक्टर-23 निफ्ट के पास घेर लिया गया था। आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में वे घायल हुए। मौके से दो अवैध पिस्तौल, जिंदा कारतूस, खाली खोल और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस कमिश्नर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी गठित की है, जिसमें इंस्पेक्टर निर्मल सिंह, सब-इंस्पेक्टर सौरव रावत और एएसआई सतपाल शामिल हैं। डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और उनसे अन्य आपराधिक वारदातों के खुलासे की उम्मीद है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि वे करनाल के नीलकंठ ढाबा पर फायरिंग की योजना बना रहे थे। नोनी राणा गैंग के खिलाफ हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और अवैध हथियारों की बरामदगी में जुटी है।