तमिलनाडु में TVK की ऐतिहासिक एंट्री: विजय बने किंगमेकर, मोदी-राहुल को दिया धन्यवाद, सरकार बनाने की तैयारी तेज
चेन्नई:
अभिनेता से राजनेता बने तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के प्रमुख विजय ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी की शानदार सफलता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को धन्यवाद दिया है। नई पार्टी के रूप में TVK ने राज्य की पारंपरिक राजनीति को हिला दिया है और DMK-AIADMK के लंबे समय से चले आ रहे दबदबे को चुनौती दी है।
विजय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर प्रधानमंत्री मोदी के बधाई संदेश का जवाब देते हुए कहा,
माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को धन्यवाद। हमारा एकमात्र लक्ष्य जनता की भलाई है। हम राजनीति से ऊपर उठकर तमिलनाडु के विकास और लोगों के कल्याण पर ध्यान देंगे। इस दिशा में केंद्र सरकार के सहयोग की उम्मीद है।
वहीं, राहुल गांधी को धन्यवाद देते हुए विजय ने कहा,
लोकसभा में विपक्ष के सम्मानित नेता को धन्यवाद। हम जनसेवा में उत्कृष्टता के लिए प्रतिबद्ध हैं और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने के लिए सामूहिक सहयोग करेंगे।
सबसे बड़ी पार्टी बनी TVK
234 सदस्यीय विधानसभा में TVK ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सामने आई है। हालांकि बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है, ऐसे में विजय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया है और बहुमत साबित करने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा है।
गठबंधन की राजनीति तेज
चुनावी नतीजों के बाद राज्य में गठबंधन की संभावनाएं तेज हो गई हैं। कांग्रेस के तमिलनाडु प्रभारी गिरिश चोडनकर ने संकेत दिया है कि जरूरत पड़ने पर कांग्रेस TVK को समर्थन दे सकती है। उन्होंने कहा कि युवाओं और महिला मतदाताओं ने TVK की जीत में अहम भूमिका निभाई है।
तमिलनाडु के ये नतीजे राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत दे रहे हैं। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि विजय कैसे गठबंधन बनाकर स्थिर सरकार बनाने में सफल होते हैं।