बांसवाड़ा में फर्जी दस्तावेज़ से बैंक खाता खुलवाने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार
बांसवाड़ा पुलिस ने फर्जी दस्तावेज़ों के जरिए बैंक खाते खुलवाकर अवैध लेन-देन करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने जाली कागजात तैयार कर बैंक में खाते खुलवाए और उनके माध्यम से संदिग्ध वित्तीय लेन-देन किए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वंशी हेडा पुत्र मनीष हेडा निवासी मोहन कॉलोनी, कोतवाली, बांसवाड़ा और उमंग सोनी पुत्र कमल सोनी निवासी बाहुबली कॉलोनी, राजतालाब, बांसवाड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने फर्जी पार्टनरशिप डीड और अन्य दस्तावेज़ों का इस्तेमाल कर बैंक खातों को सक्रिय किया। इन खातों के माध्यम से अवैध लेन-देन किए जाने की आशंका है, जिसकी जांच जारी है।
कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं और अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।