मुरैना में जिला मुख्यालय पर 214 आवेदकों की समस्याएं सुनीं
मुरैना: शासन के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की गई। इस कार्यक्रम का संचालन कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के मार्गदर्शन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव ने किया। इस दौरान 214 आवेदकों की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया।
जनसुनवाई में नागरिकों ने राजस्व एवं भूमि विवाद, छात्रवृत्ति, अतिथि शिक्षक, स्वास्थ्य सेवाएँ, सामाजिक न्याय, पेंशन, स्वच्छता, अतिक्रमण तथा सिंचाई विभाग से संबंधित मुद्दे प्रस्तुत किए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए ताकि प्रत्येक आवेदन पर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही हो और आमजन को शीघ्र राहत मिल सके। अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत, एसडीएम मुरैना श्री बी.एस. कुशवाह, डिप्टी कलेक्टर श्री भरत कुमार, श्रीमती प्रतिज्ञा शर्मा सहित विभिन्न जिला अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।