बांसवाड़ा के अरथुना में नाव हादसा: 8 लोग सुरक्षित, 2 लापता, SDRF की सर्च जारी
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के अरथूना थाना क्षेत्र में माही नदी के पास बड़ा हादसा सामने आया है। सांगमेश्वर महादेव मंदिर के नजदीक एक नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई, जिसमें सवार 10 लोगों में से 8 लोग किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि 2 लोग अभी भी लापता हैं।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, भानो का पारडा गांव के करीब 10 युवक सांगमेश्वर महादेव मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे। दर्शन के बाद ये सभी लोग पास के हैंगिंग ब्रिज क्षेत्र की ओर गए और वापस लौटते समय नदी पार करने के लिए नाव में सवार हुए।
नदी में कुछ दूरी तक जाने के बाद नाव का संतुलन बिगड़ गया और अचानक पलट गई, जिससे सभी लोग पानी में गिर गए।
8 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
हादसे के बाद 8 लोगों ने तैरकर अपनी जान बचा ली। सुरक्षित बाहर निकाले गए लोगों के नाम इस प्रकार हैं:
डायल लाल पिता मोहन,
लोकेश पिता कालू,
रमेश पिता सुखा,
राजू पिता धना,
दिनेश पिता सागर,
परविन पिता पेमजी,
चंद्रवीर पिता खेमजी,
नारण पिता हवजी।
2 लोग अभी भी लापता
इस हादसे में दो लोग लापता हो गए हैं
जयेश पिता कचरा
और 8 वर्षीय मासूम मानव पिता नाथू।
बताया जा रहा है कि मानव अपने मामा के घर आया हुआ था।
प्रशासन और SDRF मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। गढ़ी डिप्टी बाबूलाल रेगर, तहसीलदार नरेंद्र जाट और अरथूना थाना पुलिस मौके पर मौजूद हैं।
SDRF की टीम लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की भी मदद ली जा रही है, ताकि लापता लोगों का जल्द पता लगाया जा सके।
सर्च ऑपरेशन जारी
प्रशासन के अनुसार, दोनों लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए नदी में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। घटनास्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है।