सीधी में घरेलू गैस सिलेंडर घोटाले का खुलासा
सीधी : घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की चोरी और कालाबाजारी का गंभीर मामला सामने आया है। शिवसेना ने जिला कलेक्टर के नाम SDM गोपद बनास को ज्ञापन सौंपकर इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे ने आरोप लगाया कि 14.2 किलो के घरेलू सिलेंडरों से गैस निकालकर 19 और 35 किलो के कमर्शियल सिलेंडरों में भरी जा रही है और उन्हें कई गुना अधिक कीमत पर बेचा जा रहा है।
आम उपभोक्ताओं को दिए जाने वाले सिलेंडरों में भी 2 से 3 किलो तक गैस कम दी जा रही है, जो जनता के साथ धोखाधड़ी है। गैस एजेंसी संचालकों की संलिप्तता की आशंका जताई गई है और वीडियो साक्ष्य होने का दावा भी किया गया है। शिवसेना ने प्रशासन से उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है ताकि आम जनता को राहत मिल सके। इस दौरान जिलाध्यक्ष बेनाम सिंह बघेल (भोले), जिला महामंत्री सुनील रावत, आनंद साहू, अंजनी सिंह, शिवपूजन साहू, रामनरेश यादव सहित कई शिवसैनिक मौजूद रहे।