अब बदलेगा नाहन का नक्शा: जीआईएस सर्वे से बनेगी 2041 की स्मार्ट विकास योजना
सिरमौर। नगर एवं ग्राम योजना विभाग के अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर एवं ग्राम योजना विभाग के तत्वाधान में नाहन योजना क्षेत्र के लिए जी0आई0एस0 आधारित संशोधित विकास योजना बनाने का कार्य किया जा रहा है।
नाहन योजना क्षेत्र की विकास योजना वर्ष 2041 को ध्यान में रखते हुए जरूरी आधारभूत संरचना सुनिश्चित की जाएगी, जिसके लिए नगर एवं ग्राम योजना विभाग द्वारा विशेषज्ञों की सहायता से परिवार सर्वेक्षण, यातायात मात्रा गणना, मूल गंतव्य आदि के सर्वे का कार्य किया जा चुका है तथा अब मौजूदा भूमि के उपयोग तथा आधार मानचित्र को अद्यतन (updation) करने का कार्य 04 मई, से शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत नाहन शहर में निर्मित भवनों, बुनियादी ढांचा और सुविधाओं को कैमरे से अभिलेख (Record) किया जाएगा तथा उनका भू-उपयोग नक्शे पर अंकित किया जाएगा।
विभाग ने इस सर्वेक्षण हेतु नाहन शहर के सभी निवासियों से इस कार्य में सहयोग करने की अपील की है। विभाग द्वारा अधिकृत व्यक्ति ,अधिकारी / कर्मचारी,को सहयोग व सही जानकारी उपलब्ध करने का आग्रह किया गया है ताकि इस कार्य को समयबद्ध पूर्ण किया जा सके।