शाहजहांपुर: आधार नहीं तो पोषाहार नहीं, डीएम सख्तआंगनबाड़ी व्यवस्था में जवाबदेही तय
शाहजहांपुर।
कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में मंगलवार को बाल विकास विभाग (जिला पोषण समिति) की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने आंगनबाड़ी व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि 3 से 6 वर्ष तक के जिन बच्चों के आधार कार्ड नहीं बने हैं, उन्हें मई माह में पोषाहार का लाभ नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही ऐसे सभी बच्चों के आधार कार्ड शीघ्र बनवाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि पोषण ट्रैकर ऐप पर पंजीकृत सभी लाभार्थियों की अपार आईडी बनाई जाए और एक सप्ताह के भीतर उनकी आभा आईडी भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
चेहरा प्रमाणीकरण अनिवार्य, टीएचआर वितरण पर फोकस
डीएम ने निर्देश दिए कि अनुपूरक पुष्टाहार (THR) का वितरण बिना फेस ऑथेंटिकेशन (एफआरएस) के न किया जाए। साथ ही मई 2026 में टीएचआर वितरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पोषण ट्रैकर ऐप पर सभी लाभार्थियों का वजन और लंबाई का डेटा अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए और इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
90% से कम संचालन पर रुकेगा मानदेय
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की कार्यप्रणाली पर भी जिलाधिकारी ने सख्ती दिखाई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्यकत्रियां प्रतिदिन केंद्र खोलना सुनिश्चित करें। यदि 25 मई तक किसी भी कार्यकत्री द्वारा केंद्र संचालन 90 प्रतिशत से कम पाया गया, तो उसका मानदेय रोक दिया जाएगा।
अधूरे भवन जल्द पूरे करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने अपूर्ण आंगनबाड़ी केंद्र भवनों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों पर चल रहे कार्यों का मुख्य सेविकाओं द्वारा नियमित निरीक्षण कर सत्यापन करने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी अरविंद रस्तोगी समेत सभी संबंधित अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी, मुख्य सेविकाएं और ब्लॉक समन्वयक उपस्थित रहे।