कटरा नगर पंचायत उपचुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस पर पक्षपात के आरोप
शाहजहांपुर।
कटरा नगर पंचायत उपचुनाव के दौरान मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। पार्टी नेताओं का कहना है कि पुलिस निष्पक्ष चुनाव कराने के बजाय सत्तारूढ़ दल के पक्ष में काम कर रही है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता उर्फ मुन्ना ने आरोप लगाया कि पुलिस ने पार्टी के नगर अध्यक्ष अच्छन खां और पूर्व चेयरमैन समी उस्मान खां को हिरासत में लेकर थाने में बैठा दिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि पूर्व चेयरमैन के बेटे को घर में नजरबंद किया गया है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं की तरह व्यवहार कर रही है और कांग्रेस समर्थकों को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लाठी और हथियारों के दम पर मतदाताओं को डराया-धमकाया जा रहा है, जिससे वे मतदान केंद्र तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि ऐसा संभव नहीं है तो चुनाव निरस्त कर दिया जाए। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता क्षेत्र में घूमकर माहौल बिगाड़ रहे हैं और पुलिस उनका सहयोग कर रही है।
कटरा नगर पंचायत उपचुनाव में भाजपा की सोनम गुप्ता, सपा के भरत पटेल, कांग्रेस के वाहिद सिद्दीकी और ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक की पूजा कसाना मैदान में हैं।
वहीं, क्षेत्राधिकारी तिलहर ज्योति यादव ने बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी संबंधित थाना प्रभारी से ली जा रही है।