कटरा उपचुनाव: डीएम-एसपी ने मतदान केंद्रों का लिया जायजा, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
शाहजहांपुर।
नगर पंचायत कटरा अध्यक्ष पद के उपचुनाव के तहत मंगलवार को जिला निर्वाचन जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित पाया।
जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराई जाए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही मतदाताओं की सुविधा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। डीएम ने पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि मतदान के दौरान किसी को असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।