बिजनौर में पुलिस ने की पैदल गश्त, संदिग्धों की चेकिंगः
सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर के नेतृत्व में चला अभियान
लखनऊ: कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन सक्रिय है। मंगलवार को कमिश्नरेट पुलिस ने बिजनौर थाना क्षेत्र में व्यापक पैदल गश्त अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद के निर्देशन में तथा सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर रजनीश वर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। अभियान में थाना प्रभारी बिजनौर कपिल गौतम, अतिरिक्त इंस्पेक्टर आनंद द्विवेदी, उपनिरीक्षक नाजिम खान समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
पुलिस ने प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं की सघन जांच की। बिना कागजात वाहनों की जांच के साथ संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों से पूछताछ की गई। एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा ने कहा कि शांति बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई और लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है।