गरियाबंद: ब्रह्माकुमारीज ने बच्चों के लिए संस्कार समर कैंप शुरू किया
गरियाबंद : प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज गरियाबंद संस्था द्वारा 5 मई से 8 मई, 2026 तक शिव शक्ति भवन में बच्चों के लिए संस्कार समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप प्रति दिन प्रातः 8 बजे से 11 बजे तक चलता है और इसमें कक्षा 6 से कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं।
इस शिविर में बच्चों के अंदर छुपी प्रतिभाओं को निखारने, नैतिक मूल्यों, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। योग, ध्यान, नैतिक शिक्षा, व्यक्तित्व विकास, रचनात्मक गतिविधियां, खेल-कूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को जीवनोपयोगी ज्ञान प्रदान किया जाएगा। संस्था संचालिका बहन बिंदु और राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी बहनें इस कार्यक्रम का संचालन कर रही हैं।
उद्घाटन सत्र में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अनिल चंद्राकर ने कहा कि "स्वयं में सुधार ही संस्कार है, और संस्कारों में परिवर्तन ही सच्चा चमत्कार है।" मास्टर ट्रेनर डॉ ओमप्रकाश वर्मा ने बच्चों को गीली मिट्टी के समान बताते हुए इस कार्यक्रम की सराहना की। कार्यक्रम में गीता बहन, पूजा बहन, हिमांशु बहन, गायत्री बहन, हेमा मैडम के साथ अंचल के वरिष्ठ पत्रकार श्री शिव कुमार जी और राकेश कुमार देवांगन की उपस्थिति भी रही।