पिंजौर में 499 ग्राम चरस सहित तस्कर वरुण भारद्वाज गिरफ्तार
पंचकूला: नगर निगम चुनाव को लेकर पंचकूला पुलिस ने नशे की सप्लाई रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई की है। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने प्रवीण कुमार के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश के राजगढ़ से चरस सप्लाई करने वाले तस्कर वरुण भारद्वाज को पिंजौर के शिवलौतिया मंदिर के पास गिरफ्तार किया।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि वरुण भारद्वाज चरस सप्लाई करने आ रहा है। तलाशी के दौरान उसके पास से 499 ग्राम चरस, मोबाइल फोन, नकदी और पहचान पत्र बरामद हुए। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत पिंजौर थाना में मामला दर्ज कर कल कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस आरोपी के नेटवर्क का खुलासा करने के लिए रिमांड लेगी।
पंचकूला पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज ने बताया कि नगर निगम चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। दूसरे राज्यों से नशे की सप्लाई पर विशेष नजर रखी जा रही है और ऐसे तस्करों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।