logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

12वीं में फेल होने के बाद छात्र ने उठाया खौफनाक कदम, शिमला के अनाडेल में सुसाइड

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के अनाडेल स्थित ठाकुर बाग में 12वीं कक्षा में असफल होने के बाद एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान निखिलेष के रूप में हुई है, जो परीक्षा परिणाम में असफल रहने के कारण मानसिक तनाव में था।
जानकारी के अनुसार, सोमवार (4 मई) को हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा 12वीं कक्षा का परिणाम घोषित किया गया था। उसी दिन शाम को निखिलेष ने आत्महत्या कर ली। इस घटना की सूचना पुलिस को 112 हेल्पलाइन के माध्यम से मिली, जहां निखिल शर्मा नामक युवक ने अपने दोस्त द्वारा फांसी लगाने की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ठाकुर बाग, अनाडोल स्थित प्रेमलाल शर्मा के फ्लैट पर पहुंची। वहां निखिलेष पंखे से फंदा लगाकर मृत अवस्था में पाया गया। प्रारंभिक जांच में मृतक के पिता प्रेमलाल शर्मा ने बताया कि निखिलेष 10+2 के परीक्षा परिणाम में असफल होने के कारण काफी तनाव में था।
शव का बारीकी से निरीक्षण करने पर शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए। उप पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की, साथ ही गवाहों के बयान भी दर्ज किए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल मृतक के माता-पिता ने किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है।

22
982 views

Comment