logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने से जनजीवन प्रभावित, प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से त्वरित समाधान की मांग

भागलपुर, बिहार | विशेष रिपोर्ट
बिहार के भागलपुर जिले को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग विक्रमशिला सेतु पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद क्षेत्र में आवागमन व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। पुल पर आवाजाही ठप होने से आम लोगों, व्यापारियों, मरीजों, छात्रों और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दूसरी ओर मुंगेर पुल और तारापुर-सुलतानगंज मुख्य सड़क मार्ग पर वाहनों का अत्यधिक दबाव बढ़ गया है, जिससे लंबा जाम, समय की बर्बादी और दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। लोगों का कहना है कि वर्तमान समय में भागलपुर से नवगछिया जाने के लिए नाव एक सरल विकल्प दिखाई दे रहा है, लेकिन यह यात्रा पूरी तरह सुरक्षित नहीं मानी जा सकती। बरसात और तेज धारा के मौसम में नाव यात्रा किसी खतरे से कम नहीं है।
स्थानीय लोगों ने सुझाव दिया है कि यदि भागलपुर से मुंगेर तक लगभग 1 घंटा 22 मिनट और मुंगेर से नवगछिया तक लगभग 1 घंटा 27 मिनट में लोकल ट्रेन सेवा शुरू कर दी जाए, तो कम समय में सुरक्षित आवागमन संभव हो सकेगा। इससे हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और सड़क मार्ग पर बढ़ते दबाव को भी कम किया जा सकेगा।
जनता ने जिला प्रशासन भागलपुर, रेलवे विभाग, बिहार सरकार और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि इस संकट की घड़ी में तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। साथ ही लोकल ट्रेन सेवा, अतिरिक्त बस सेवा और पुल मरम्मत कार्य में तेजी लाने जैसे ठोस कदम उठाए जाएं।
लोगों का कहना है कि विकास के दावों के बीच यदि जनता को रोजमर्रा की यात्रा के लिए संघर्ष करना पड़े, तो यह चिंता का विषय है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन और नेता-मंत्री जनता की इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेते हैं।

9
913 views

Comment