बीजपुर में डीजे विवाद पर दो पक्ष भिड़े, 12 गिरफ्तार
बीजपुर : थाना क्षेत्र के ग्राम झीलो में डीजे पर डांस को लेकर मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति नियंत्रण में लाने की कोशिश की, लेकिन जब दोनों पक्ष नहीं माने तो पुलिस ने सख्ती बरतते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी के पर्यवेक्षण में और थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, ग्राम चेतवा के राजकुमार पक्ष के 6 और ग्राम महुली के रामसरन पक्ष के 6 लोग डीजे पर डांस को लेकर भिड़ गए थे। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने सभी को धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लेकर शांति व्यवस्था कायम की। सभी आरोपियों को ग्राम महुली से सोमवार दोपहर करीब 3 बजे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय दुद्धी भेजा गया। कार्रवाई में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक शिवमोहन कुमार, उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह एवं कांस्टेबल चन्दन यादव शामिल थे।