logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कमला नेहरू वाटिका में उमड़ा जनसैलाब, 85 प्रतिभागियों ने लिया स्वास्थ्य लाभ

मुजफ्फरनगर (मुजफ्फरनगर)। संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा, समर्पण के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए भारत विकास परिषद हस्तिनापुर (विकास रत्न) प्रांत, जिला कार्यकारिणी मुजफ्फरनगर एवं भारतीय योग संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में पांच दिवसीय मोटापा निवारण एवं योग शिविर का शुभारंभ मंगलवार को कमला नेहरू वाटिका स्थित योग केंद्र में अत्यंत उत्साह और गरिमामयी वातावरण के बीच किया गया। यह शिविर 5 मई से 9 मई 2026 तक प्रतिदिन प्रातः आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के भाग लेने की संभावना है। शिविर का शुभारंभ पारंपरिक विधि-विधान के साथ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभिक सत्र में उपस्थित सभी योग साधकों को योगाचार्यों द्वारा मोटापा निवारण, शारीरिक संतुलन, मानसिक एकाग्रता तथा स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के लिए विभिन्न प्रकार के योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। योगाचार्यों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर के अतिरिक्त वसा को कम करने में सहायक है, बल्कि यह मानसिक तनाव को दूर कर जीवन को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। इस शिविर में पहले ही दिन 85 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास का लाभ उठाया। प्रतिभागियों में सभी आयु वर्ग के लोग शामिल रहे, जिनमें युवाओं से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। भारत विकास परिषद की विभिन्न शाखाओंदिव्य, विराट, अमेटी, संगम और शक्तिके लगभग 25 से 30 सदस्यों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में मोटापा एक गंभीर समस्या बनता जा रहा है, जिससे अनेक बीमारियां जन्म लेती हैं। ऐसे में इस प्रकार के योग शिविर लोगों को स्वस्थ जीवन जीने की दिशा में प्रेरित करते हैं। भारत विकास परिषद हस्तिनापुर प्रांत के प्रांतीय वित्त सचिव प्रवीण गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि यह शिविर समाज के लिए अत्यंत उपयोगी पहल है। उन्होंने प्रांतीय योग प्रकल्प प्रभारी लोकेश गुप्ता, प्रांतीय संयोजक योग अलका सिंघल, जिला कार्यकारिणी मुजफ्फरनगर तथा भारतीय योग संस्थान के योगाचार्यों एवं व्यवस्थापकों के प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। इस अवसर पर विकास रत्न महेंद्र कांबोज, योग प्रकल्प प्रभारी लोकेश गुप्ता, प्रांतीय संयोजक योग अलका सिंघल के साथ भारतीय योग संस्थान के प्रमुख साधक ओम प्रकाश अरोरा, ज्ञान अरोरा, निष्काम गर्ग सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया आयोजकों ने जानकारी दी कि यह योग शिविर 9 मई तक प्रतिदिन प्रातः नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न प्रकार के योगाभ्यास, प्राणायाम, ध्यान और स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों से इस शिविर में भाग लेकर अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का आह्वान किया कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत लाभकारी बताया और नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। यह शिविर न केवल स्वास्थ्य जागरूकता का माध्यम बन रहा है, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा और स्वस्थ जीवनशैली को भी बढ़ावा दे रहा है।

0
0 views

Comment