सोनभद्र: आरोपी शिक्षक के साथ जांच अधिकारी की दावत पर सवाल
सोनभद्र: नगवां विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय बड़ैला में तैनात शिक्षक गौरव कुमार पर लाखों रुपए के गबन का आरोप लगाया गया है। बड़ैला निवासी राजकुमार की शिकायत पर मुख्य विकास अधिकारी ने जांच के आदेश दिए, जिसके तहत जिला विकास अधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को जांच के लिए पत्र लिखा। चार सदस्यीय जांच समिति में शामिल खंड शिक्षा अधिकारी धनंजय कुमार सिंह पर आरोपी शिक्षक गौरव कुमार के साथ दावत उड़ाने के फोटो सामने आने के कारण जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठे हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता और इंडियन फेडरेशन वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के जिला अध्यक्ष विजय विनीत ने मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर खंड शिक्षा अधिकारी की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नगवां विकासखंड में भ्रष्टाचार व्याप्त है और खंड शिक्षा अधिकारी स्वयं संदिग्ध हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र जांच कर दोषी शिक्षक को हटाया नहीं गया तो शिक्षा व्यवस्था प्रभावित होगी। जांच समिति को तीन दिनों में रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश था, लेकिन 18 दिन बीत जाने के बाद भी रिपोर्ट नहीं मिली है।