मध्यप्रदेश में पशुपालन को बढ़ावा, ग्वालियर में वेलनेस सेंटर खोला जाएगा
ग्वालियर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य स्तरीय पशुपालक एवं दुग्ध उत्पादक सम्मेलन में मध्यप्रदेश को देश की मिल्क केपिटल बनाने के संकल्प की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दूध उत्पादन और पशुपालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मजबूत स्तंभ बनाया जाएगा। साथ ही सरकार दूध खरीदेगी और पशुपालकों को उचित मूल्य दिलाएगी। ग्वालियर में पशुओं के लिए वेलनेस सेंटर खोलने, पशु स्वास्थ्य केंद्र के उन्नयन और डबरा में नया पशु चिकित्सालय बनाये जाने की भी घोषणा की गई।
ग्वालियर जिले में 68,737 पशुपालक हैं जो 4 लाख से अधिक पशुधन की सेवा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने लाल टिपारा आदर्श गौशाला का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें 10 हजार से अधिक गौवंश हैं और यह आत्मनिर्भरता का उदाहरण है। प्रदेश में गौशालाओं की संख्या बढ़ाकर करीब 5 लाख से अधिक गौवंश पालन किया जा रहा है। उन्होंने किसानों की जमीन लेने पर चार गुना मुआवजा देने और वृंदावन ग्राम बनाने जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया। सम्मेलन में कई मंत्री, सांसद और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।