उत्तर प्रदेश में प्री-पेड स्मार्ट मीटर व्यवस्था समाप्त, उपभोक्ताओं को बड़ी राहत
लखनऊ। प्रदेश सरकार ने विद्युत उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए स्मार्ट प्री-पेड मीटर व्यवस्था को समाप्त करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब सभी स्मार्ट मीटर सामान्य पोस्ट-पेड मीटर की तरह कार्य करेंगे। यह फैसला उपभोक्ताओं को आ रही तकनीकी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। ऊर्जा विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, अब उपभोक्ताओं को पहले की तरह हर महीने बिजली का बिल मिलेगा। महीने की 1 तारीख से 30 तारीख तक की खपत का बिल अगले 10 दिनों के भीतर एसएमएस या व्हाट्सएप के माध्यम से भेजा जाएगा, जिसे निर्धारित समय सीमा में जमा करना अनिवार्य होगा। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में महीने के भीतर बिजली आपूर्ति बाधित नहीं की जाएगी। वहीं, जिन उपभोक्ताओं पर बकाया बिल है, उन्हें राहत देते हुए 10 किश्तों में भुगतान करने की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही, पुराने मीटरों को स्मार्ट प्री-पेड मीटर से बदलने की प्रक्रिया फिलहाल स्थगित कर दी गई है। हालांकि, जहां पहले से स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, उनसे जुड़ी शिकायतों के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।
ऊर्जा विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपना मोबाइल नंबर अपडेट कराएं और विभाग से आने वाले संदेशों पर ध्यान दें, ताकि समय पर बिल की जानकारी मिल सके। गर्मी के मौसम को देखते हुए बिजली आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के लिए शक्ति भवन में उच्चस्तरीय बैठक कर विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।
सरकार ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि समय पर बिल भुगतान कर व्यवस्था को सुचारु बनाए रखें।